मथुरा का श्रीकृष्णजन्मस्थान कटरा केशवदेव
मथुरा का श्रीकृष्णजन्मस्थान कटरा केशवदेव : एक ऐतिहासिक दस्तावेज़ कुमार गुंजन अग्रवाल पौराणिक कालगणनानुसार आज से ५,२५४ वर्ष पूर्व (३२२८ ई.पू.) भगवान् श्रीकृष्ण का आविर्भाव महाभारतकालीन मथुरा के शासक कंस के कारागार में हुआ। कंस का वह कारागार ‘कटरा केशवदेव’ कहलाता है। विद्वानों के मतानुसार आज का ‘कटरा केशवदेव’ ही प्राचीन मथुरा का केन्द्रस्थान है। विदेशी विद्वान् कनिंघम तथा ग्राउस ने मथुरा के प्राचीन इतिहास का अनुसन्धान करने के पश्चात् यह निष्कर्ष निकाला है कि ‘कटरा केशवदेव’ के उत्तर-पश्चिम की ओर फैले हुए खण्डहरों का सिलसिला ही प्राचीन मथुरा नगर है। पुरातत्त्व-विभाग की खोजों से, ‘कटरा केशवदेव’ में प्राप्त हुए अवशेषों से तथा विदेशी यात्रियों के वर्णनों से भी इस बात का पता चलता है कि इस स्थान पर अनेकानेक भव्य मन्दिरों का निर्माण समय-समय पर हुआ था। परन्तु उनमें से कुछ तो काल के प्रभाव से नष्ट हो गये और कुछ को विदेशी आक्रान्ताओं ने नष्ट कर दिया। पौराणिक कथा और जनश्रुति के अनुसार इस स्थान पर सर्वप्रथम भगवान् श्रीकृष्ण के प्रपौत्र वज्रनाभ ने मुनि शाण्डिल्य की आज्ञा से अपने कुलदेवता की ...